रीवा। जिले में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दी है। तीन माह से अधिक समय बाद दो पॉजिटिव केस रीवा में मिले हैं। शहर के एक वृद्ध सहित महिला कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बता दें कि प्रदेश के अन्य शहरों में लगातार केस मिलने के बाद रीवा में हो रही लापरवाही का परिणाम गुरुवार को सामने आ गया। रीवा में शहरी क्षेत्र में ही दो पॉजिटिव केस मिले हैं। हैरानी इस बात की है कि यह दोनों बाहर से आए थे और कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को कई दिन बाद हुई। कोरोना का पॉजिटिव केस आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। कोरोना की चौथी लहर ने प्रदेश के अन्य जिलों में हड़कंप मचाया ही था कि अब रीवा में भी इसकी शुरुआत हो गई है। बता दें कि 4 मार्च को कोरोना मुक्त जिला घोषित होने के बाद यह तीसरा मामला है। इसके पहले होली के ठीक एक दिन बाद यानि 19 मार्च को एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। उसके बाद गत 5 अप्रैल को अपेक्स बैंक का कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था और अब करीब तीन माह बीतने के बाद गुरुवार को दो कोरोना संक्रमित मिले हैं।
————
पत्नी से हुए संक्रमित
बताया गया कि शहर के बाणसागर कॉलोनी में जिस 72 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वह अपनी पत्नी के पास जबलपुर गए थे। उनकी पत्नी वहीं कोरोना पॉजिटिव थीं और उन्हीं के संपर्क में आने के बाद वह पॉजिटिव हो गए। बताया गया कि वह जबलपुर से लौटने के बाद जांच कराई तो उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। वृद्ध को एसजीएमएच में भर्ती किया गया है। हालांकि कोरोना के लक्षण तो हैं लेकिन स्थिति सामान्य ही बताई गई है। इनको प्रिकॉशन डोज भी लगा है। वहीं इनके संपर्कियों की खोज स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।
————
रिपोर्ट के बाद महिला लापता
दूसरी कोरोना पॉजिटिव शहर के वृद्धावन कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय महिला हंै। बताया गया कि उक्त महिला ने किसी प्राइवेट सेंटर में आरटीपीसीआर जांच कराई थी जिसके बाद इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला ने स्वास्थ्य विभाग में इसकी जानकारी नहीं दी, लेकिन जांच करने वाली लैब से पाजिटिव महिला की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई। जिसके बाद उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन महिला फोन नहीं उठा रहीं और गायब हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में जानकारी जुटा रही है।
———–
लापरवाही से बढ़ीं मुश्किलें
कोरोना की एक बार फिर से इंट्री की बड़ी वजह लापरवाही है। प्रदेश के दूसरे व आसपास के जिलों में लगातार मरीज मिलने के बाद भी रीवा में किसी प्रकार की कोई सतर्कता लोगों में नहीं है। लोग खुलेआम कोरोना नियमों की धज्जिया उड़ा रहे हैं। यही वजह है कि कोरोना के मरीज एक बार फिर जिले में मिलने शुरु हो गए हंै। वहीं जिम्मेदार भी बाहर से आने-जाने वालों की जानकारी तक नहीं ले रहे हैं।
———
वर्जन
दो मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एक को एसजीएमएच में भर्ती किया गया है, दूसरे ने प्राइवेट टेस्ट कराया था। उसे फोन किया गया लेकिन नहीं उठा रही हैं। उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
डॉ. एनएन मिश्रा, सीएमएचओ रीवा
०००००००००००००००