The plight of Rewa’s most famous Rathara pond, a big revelation in the Jalganga Enhancement Campaign:रीवा। शहर के रतहरा तालाब की दुर्दशा होती जा रही है, करोड़ो रुपए खर्च कर इस तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया था और जनता को सुपुर्द किया गया था। जनता को यह खूब पसंद भी आया और यहां भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी कि इसी बीच प्रशासनिक उदासीनता के चलते इस तालाब का अस्तित्व ही खतरे में आ गया है। लोग इससे किनारा काटने लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस तालाब को बचाने की जगह प्रशासनिक अधिकारी पुरानी तस्वीरें सांझा कर इसी तालाब को बड़ी उपलब्धि बना रहे हैं। दरअसल इन दिनों जलगंगा संर्वधन अभियान चल रहा है और इसी को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने इसका गुणगान किया लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इसकी वर्तमान स्थिति को देखने के लिए नहीं पहुंचे। यहां बड़ी लापरवाही नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन की सामने आई है, इस अभियान के चलने से पूर्व ही इसको लेकर पूर्व पार्षद अशोक पटेल ने लगातार शिकायतें की थी लेकिन उदासीनता के चलते हालात यह हुए कि यहां की सुंदरता समाप्त होती जा रही है और रतहरा तालाब का अस्तित्व खतरे में है। सबसे ज्यादा यहां संकट पानी का है, यहां तालाब में पानी खत्म होता जा रहा है,जबकि यहीं पानी लोगों को आकर्षित करता था और लोग यहां समय बीताने आते थे, पानी कम होने से जलीय जंतु भी मर रहे हैं। आस-पास के घरों का गंदा पानी तालाब में भर रहा है जिसकी गंध लोगो को परेशान कर रही है।





















लाइटें बंद, टूट गए पोल
बता दें कि रतहरा तालाब में लगी कई लाइटें बंद रहती हैं, इतना ही नहीं जिन आकर्षक लाइटों को लगाया गया था, उनके पोल भी तोड़ दिए गए। कुछ पोल हवा-आंधी में टूटे तो कुछ पोल यहां आने वाले असमाजिक तत्वों ने तोड़ दिए। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से करोड़ों रुपए इस तालाब के सौंदर्यीकरण में खर्च किए गए हैं, उस पर पानी फिर रहा है। बता दें कि यहां सबसे ज्यादा लोगों को आकर्षित करने वाला फव्वारा भी टूटा पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक निगम प्रशासन द्वारा इसके सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, यहां केवल कभी-कभार झाड़ू लगाने का काम अधिकारी कराते हैं। इसके अलावा इसे उपेक्षित किया जा रहा है। बताया गया कि इसके रख-रखाव के लिए रानी तालाब की तर्ज में टेंडर किया गया है लेकिन आचार संहिता के चलते वह खुला नहीं और अब धीरे-धीरे तालाब में इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं।
बता दें कि यहां रील बनाने वालों का भी जमावड़ा लगता है, बीते दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ जिसमें एक युवक मोटर साइकिल से तालाब के मुख्य गेट की सीढिय़ों पर स्टंट कर रहा था, इसमें रील बनाकर उसने इसे सोशल मीडिया एकाउंट में शेयर भी किया लेकिन निगम अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जबकि उसकी पहचान आसानी से कर उस पर दंडात्मक कार्यवाही की जा सकती थी। कार्यवाही नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले और बुलंद हो रहे हैं।