रीवा। कलेक्ट्रेट में काम करने वाले कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हंै। उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है। इस मर्तबा निशाने पर वीआईपी बाबू आए हैं। इन्हें गांव के ही रहने वाले दबंग ने जान से मारने की धमकी दी है। टांगी लेकर मारने के लिए भी दौड़ाया। पीडि़त ने थाना से लेकर कलेक्टर, एसपी तक से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ज्ञात हो कि कलेक्ट्रेट में पदस्थ वीआईपी बाबू उपेन्द्रमणि मिश्रा पिता शम्भूशरण मिश्रा ग्राम खरहरी थाना सगरा के रहने वाले हैं। वह कलेक्ट्रेट में वर्ष 1994 से सहायक ग्रेड 3 के पद पर पदस्थ हैं। कहने को यह वीआईपी बाबू हैं। यह बड़े से बड़े अधिकारी, नेता और सीएम तक के रहने और खाने तक की व्यवस्था कराते हैं। वीआईपी लोगों का प्रोटोकाल फालो कराते हैं लेकिन अब इन्हीं की जान पर खतरा मंडरा रहा है। वीआईपी बाबू ने सगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके गांव में ही घर के सामने रहने वाले रामजी शर्मा पिता बीरभद्र शर्मा उन्हें जान से मारना चाहते हैं। टागी लेकर दौड़ा चुके हैं। इसके पीछे वजह सिर्फ पेड़ की अवैध कटाई का विरोध करना रहा। उन्होंने पेड़ काटने से रोका तो पूरा परिवार ही दुश्मन बन गया है। सगरा थाना में दी गई शिकायत में उन्होंने बताया है कि दबंगों ने जान से मार कर जेल जाने तक की धमकी दी है। ऐसे में देररात ड्यूटी से घर जाने में अब वीआईपी बाबू खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्हें अपनी जान का डर सता रहा है। धमकी देने वाले दबंग व्यक्ति हैं। यही वजह है कि उन्होंने इसकी जानकारी कलेक्टर और एसपी को भी दी है। सगरा थाना में भी शिकायत की है। धमकीदेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि अभी तक पुलिस ने किसी के खिलाफ एक्शन नहीं लिया है। पूरा परिवार डरा हुआ है। घर में पत्नी हर समय अकेली रहती हैं। उनकी जान माल को भी खतरा है।
०००००००००००००००