रीवा। दीपावली के दूसरे दिन पड़ रहे सूर्यग्रहण का सूतक काल 24 अक्टूबर दीपावली की रात से ही प्रांरभ हो जाएगा। 25 अक्टूबर को 7 घंटे 5 मिनट का सूर्य ग्रहण होगा और यह सूर्यास्त के पंद्रह मिनट पहले समाप्त होगा। बताया जा रहा है कि इस बार एक पखवाड़े के भीतर दो ग्रहण पड़ रहे हंै। यह विश्व के लिए शुभ नहीं माना जा रहा है। महाभारत काल में भी 15 दिन में दो सूर्यग्रहण लगा था, उस समय महायुद्ध हुआ जिसमें लाखों लोग हताहत हुए थे।
ज्योतिर्विद इंजीनियर बी के कश्यप बताते हंै कि सूर्य इस समय तुला नीच राशि में है, साथ में चंद्र शुक्र केतु होने से स्थिति और गंभीर हो गयी है। शनिदेव मकर में बैठकर दसवीं दृष्टि तुला राशि पर डाल रहे हैं। राहु की भी दृष्टि इस भाव में है। ऐसे में विश्व में सर्वत्र तनाव है और दुनिया विश्वयुद्ध के कगार पर खड़ी है। मानवता के समक्ष घोर संकट है।
सूर्यग्रहण काल 25 अक्टूबर
स्पर्श शाम 04.42 बजे
मध्यकाल शाम 05.02 बजे
मोक्षकाल शाम 05.22 बजे
सूर्यास्त शाम 05.37 बजे
सूर्यग्रहण सूर्यास्त से 15 मिनट पूर्व समाप्त हो जाएगा
सूर्यग्रहण की सम्पूर्ण अवधि 7 घंटा 5 मिनट है, किन्तु काशी में सम्पूर्ण सूर्यग्रहण 40 मिनट का है। 8 नवम्बर को खग्रास चंद्रग्रहण दृश्य होगा।
ग्रहण का राशियों पर प्रभाव
इस वर्ष तुला राशि पर सूर्यग्रहण है। विभिन्न राशियों पर प्रभाव इस प्रकार होंगे- मेष- स्त्री पीड़ा, वृष- सौख्य, मिथुन- चिन्ता, कर्क – व्यथा, सिंह- श्रीप्राप्ति, कन्या- क्षति, तुला- घात, वृश्चिक- हानि, धनु- लाभ, मकर- सुख, कुम्भ- माननाश, मीन- मृत्यतुल्य कष्ट।
4.42 में होगा सूतक काल
25 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण लग रहा है। सूर्य ग्रहण शाम 4.42 बजे से 5.22 बजे तक रहेगा। इससे 12 घंटे पहले ग्रहण का सूतक काल शुरू हो जाएगा। 24 अक्टूबर से ही सूर्य ग्रहण शुरू हो जाएगा। सूतक काल में मंदिरों के कपाट बंद रहते हैं।
यह करें उपाय
नवग्रह स्तोत्र का पाठ लाभदायक होगा। महादेव की आराधना कुल देवता कुल देवी का पूजन लाभदायक सिद्ध होगा।
इन चार राशियों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
वृषभ राशि-सूर्यग्रहण के दौरान वृषभ राशि के लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। आशंका है कि स्वास्थ्य संबंधी कोई गंभीर समस्या आपको परेशान कर सकती है।
मिथुन राशि -सूर्यग्रहण के दौरान मिथुन राशि के जातकों की आर्थिक स्थिति में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आशंका है कि आपका भाग्य साथ नहीं देगा, जिसके चलते आपका मन विचलित हो सकता है। इस अवधि के दौरान आपको सतर्क रहने की जरूरत है।
कन्या राशि- इस राशि के जातकों को इस समय के दौरान अपने पैसे का बजट बना कर चलना चाहिए। ज्यादा खर्च करने से बचें क्योंकि ज्यादा खर्च आपको मानसिक तनाव दे सकते हैं। इस दौरान किसी भी तरह का निवेश करने से बचें।
तुला राशि -सूर्यग्रहण तुला राशि में ही होने जा रहा है। इसलिए सबसे अधिक प्रभाव तुला राशि में ही दिखाई देगा। इसलिए आपको बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। इस दौरान आपको अपने स्वास्थ्य पर विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है।
००००००००००००००००