रीवा. आरक्षक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पत्नी का एक युवक से अवैध संबंध था। इस बात की जानकारी होने पर आरक्षक का पत्नी से विवाद शुरू हो गया। पत्नी की बेवफाई से दु:खी होकर आरक्षक ने यह आत्मघाती कदम उठाया था। 9वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुरेन्द्र परमार पिता भोजराज 26 खामखेड़ा शाहजापुर ने जहर निगल लिया था। 18 अक्टूबर को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए। उन्होंने बताया कि पत्नी का कविता परमार का शादी से पूर्व ही मनोज विश्वकर्मा से प्रेम प्रसंग था। अप्रैल में शादी हो गई। इसके बाद भी वह चोरी-छिपे प्रेमी से मिलती थी। आरक्षक ने विरोध जताया तो विवाद होने लगा। पत्नी ने प्रेमी के साथ कई फोटो व वीडियो आरक्षक को भेजी थी, जिस कारण मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित हो गया। पत्नी की बेवफाई से दु:खी होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने महिला के खिलाफ धारा 306 का मामला दर्ज कर लिया है। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोबाइल से आरक्षक के भेजे फोटो व वीडियो मिले है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर तथ्यों को जुटाने में लगी है। आरक्षक की पत्नी कविता व मनोज विश्वकर्मा का प्रेम प्रसंग पहले से था। दोनों शादी कर घर बसाना चाहते थे, इंटरकास्ट मैरिज के लिए परिजन राजी नहीं हुए। दबाव में उसने आरक्षक का हाथ तो थाम लिया, लेकिन लेकिन प्रेमी को नहीं भूल पाई। शादी के बाद भी दोनों एक-दूसरे से मिलते रहते थे। आरक्षक ने कई बार समझाने की कोशिश की, वहीं नहीं मानी तो आत्मघाती कर ली।