रीवा। एक तरफ बीहर नदी के किनारे रिवर फ्रंट बन रहा है तो दूसरी तरफ घाट बनाया जा रहा है। इस घाट की जिम्मेदारी रीवा के ही ठेकेदार को मिला है। ठेकेदार ने दो महीने से काम बंद कर रखा है। रीवा में बारिश नहीं हो रही फिर भी काम बंद है। काम धीमा चल रहा है। ठेकेदार को धीमे कार्य पर नोटिस जारी किया गया है।
ज्ञात हो कि रीवा में कांक्रीट का जाल तेजी से बिछ रहा है। सड़क, नाले और घाट बनाए जा रहे हैं। शहर का भी विस्तार किया जा रहा है। शहर की बसाहट अब थोड़ी आगे ले जायी जा रही है। जयंती कुंज और सैनिक स्कूल के पीछे तेजी से निर्माण कार्य हो रहा है। सैनिक स्कूल के पीछे बीहर नदी पर नया उन्नत पुल बना है। चिन्मय आश्रम से बीहर नदी के किनारे होते हुए पुल तक कांक्रीट सड़क बनाई गई है। इसी सड़क के किनारे घाट का निर्माण किया जा रहा है। जल संसाधन विभाग इस घाट का निर्माण करा रहा है। टेंडर विभाग ने निकाला था। पुल से लेकर करीब 100 मीटर लंबाई में विसर्जन घाट और धोबी घाट का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी लागत करीब 60 लाख रुपए के करीब है। जल संसाधन विभाग ने इसका टेंडर निकाला था। टेंडर रीवा के ही ठेकेदार केडी सिंह को मिला। उनके बेटे मोहित सिंह इस निर्माण कार्य को देख रहे हैं। निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करना था, लेकिन अब धीमा चल रहा है। यही वजह है कि ठेकेदार को विभाग ने नोटिस जारी कर नाराजगी जताई है। ठेकेदार को जल्द से जल्द काम करने के निर्देश दिए हैं।
मिट्टी निकालकर बेच डाला, फिर काम बंद
ठेकेदार ने बीहर नदी के किनारे काम तो किया, लेकिन सिर्फ मिट्टी खोदाई में ही तेजी दिखाई। सरकारी काम में मिट्टी का उपयोग नहीं किया गया। इसे बेच डाला गया। ठेकेदार ने निजी भूमि स्वामियों को सैकड़ों ट्रक मिट्टी बेच दी। मिट्टी निकालने के बाद अब काम जस का तस पड़ा हुआ है। रीवा में इस बार बारिश भी नहीं हुई। हालांकि बारिश का बहाना बनाकर ठेकेदार ने काम बंद कर रखा है। ऐसे में समय पर निर्माण होना मुश्किल जान पड़ रहा है।
जीएसटी का पड़ चुका है छापा
केडी सिंह रीवा रेलवे और पीडब्लूडी, जल संसाधन विभाग के बड़े ठेकेदार हैं। इन्होंने जीएसटी रिटर्न में गड़बड़ी की थी। इसी गड़बड़ी के चक्कर में एईबी सतना की टीम का इनके आफिस और घर पर छापा भी पड़ चुका है। 89 लाख रुपए की गड़बड़ी भी निकली थी। इन्हीं ठेकेदार को अब इस निर्माण की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
विभाग ने थमाया नोटिस
जल संसाधन विभाग ने धीमा कार्य चलने के कारण नोटिस जारी किया है। ठेकेदार को जल्द से जल्द काम को पूरा करने को कहा है। सूत्रों की मानें तो ठेकेदार ने यदि समय रहते विसर्जन घाट और धोबी घाट का काम पूरा नहीं किया तो उसे टर्मिनेट करने जैसी भी कार्रवाई की जा सकती है। ठेकेदार ने यहां लगे कई औषधीय पौधे और इमारती पेड़ों की भी बलि ले ली है।
वर्सन….
केडी ङ्क्षसह को घाट के निर्माण का ठेका है। अभी बारिश के कारण काम बंद है। मशीनरी किनारे तक नहीं जा सकती। इसलिए बंद है। ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। घाट के निर्माण की कीमत करीब 60 लाख के आसपास की है।
मनोज तिवारी
कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग रीवा
०००००००००००००००००