रीवा. किशोरी का अपहरण कर आरोपी ने उसको बंधक बना लिया। वह लगातार पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। उसके चंगुल से आजाद होकर किशोरी घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना गढ़ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। किशोरी 3 सितंबर की रात घर के अंदर सो रही थी। देर रात आरोपी अरुण तिवारी 35 वर्ष निवासी गढ़ उसके घर में घुस आया। पीड़िता का मुंह दबाकर वह जबरदस्ती अपने साथ घर ले गया। इस दौरान दूसरे कमरे में पिता सो रहे थे। आरोपी उसे अपने घर ले गया जहां उसे पांच दिनों तक बंधक बनाए हुए था। इस दौरान वह पीड़िता के साथ बलात्कार करता रहा। किशोरी जब घर जाने की जिद करती तो आरोपी उसे कमरे में बंद कर देता। कई दिनों तक वह यातना सहती रही। एक दिन पूर्व वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से आजाद होकर घर पहुंची जिसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। आरोपी घटना के बाद बाहर भागने की फिराक में था जिसे पुलिस ने गांव के बाहर घेराबंदी करके पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी से पुलिस घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। थाना प्रभारी आरके गायकवाड़ ने बताया कि प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
00000000