रीवा। शहर के महिला थाने में एक अजोबो गरीब मामला प्रकाश में आया है। जहां दहेज की डिमांड पूरी न करने पर सीआईडी ससुर ने साफ्ट वेयर इंजीनियर बेटे का तिलक ही नहीं चढ़वाया, यहां तक कि शादी करने से इंकार भी कर दिया। पीडि़त युवती ने महिला थाने पहुंचकर अपनी आप बीती सुनाई और शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र के एक गरीब बाप के बेटी की शादी लड़के पक्ष के लोगों ने इसलिए इंकार कर दी कि वह दहेज के तौर पर मुंहमांगी रकम दे पाने में असथर्म हो गया। दहेज के तौर पर पहले गरीब बाप से 7 लाख रूपये मांगे गए थे। इस हसरत से कि उसके बेटी की शादी एक अच्छे परिवार में हो रही है, किसी कदर उसके द्वारा 7 लाख रूपये का इंतजाम भी किया गया। लेकिन तब तक लड़के पक्ष के लोगों की लालच और बढ़ गई तब वह 7 की बजाय 14 लाख की डिमांड कर बैठे। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ होने पर गरीब बाप के बेटी की शादी कैंसिल हो गई। आहत युवती ने महिला थाना पहुंचकर होने वाले ससुर और पति के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।
…………….
एक साल पहले हुई थी बरीक्षा और ओली
बताया गया है कि जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौही निवासी एक युवक के साथ युवती की शादी दोनों पक्षों की राजी-खुशी से तय कर दी गई थी। तब लड़के पक्ष के लोगों द्वारा दहेज के तौर पर 7 लाख रूपये की डिमांड की गई थी। इस रकम को देने लड़की के पिता तैयार भी हो गए थे। कहना हेै कि इसी बात पर गत वर्ष ओली और बरीक्षा के कार्यक्रम भी आयोजित किये गए थे। सब कुछ ठीक चल रहा था कि अचानक दहेज की रकम दुगुनी कर दी गई। जिससे बात बिगड़ गई और मामला थाने तक पहुंच गया।
……..
तिलक चढ़ाने की हो रही थी तैयारी, फोन आया तो टूट गया बाप
बताया गया है कि शादी की बात और दहेज की रकम तय होने के बाद दोनों ओर शादी की तैयारियां चल रही थी। गत 7 दिसंबर को तिलक का कार्यक्रम तय किया गया था। गरीब बाप अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जी जान से लगा हुआ था कि दहेज की रकम दुगुनी करने का फोन आ गया। शर्त रखी गई कि यदि दहेज की रकम 7 लाख की बजाय 14 लाख नहीं की गई तो शादी कैंसिल मानी जाये। इतना सुनते ही गरीब मां-बाप बुरी तरह टूट गये। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जाहिर की गई। ऐसे में लड़के पक्ष के लोगों ने शादी से इंकार कर दिया।
……….
सीआईडी कर्मचारी है ससुर और साफ्टवेयर इंजीनियर है होने वाला पति
बताया गया है कि युवती की शादी शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलौही में जहां हो रही थी, होने वाला पति दिल्ली में साफ्टवेयर इंजीनियर है और ससुर भोपाल में सीआईडी कर्मचारी है। पिता को लग रहा था कि उसके बेटी की शादी एक अच्छे घर में हो रही है। इसीलिए वह दहेज के तौर पर शुरू में 7 लाख रूपये देने को तैयार भी हो गया था। लेकिन उसे क्या पता कि लड़के पक्ष के लोगों में लालच सवार हो गया और वह दुगुनी रकम की मांग कर बैठेंगे। फिलहाल तिलक और द्वारचार के पहले ही मामला महिला थाने में पहुंच गया। ससुर व पति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
.वर्जन……
युवती द्वारा शिकायत किये जाने पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
-भावना सिंह, प्रभारी महिला थाना प्रभारी रीवा