रीवा। सिरमौर चौराहा से बोदाबाग और खुटेही तक फ्लाईओव्हर बनना तय है। टेंडर लग चुका है। सिर्फ खुलना बाकी है। हालांकि ठेकेदार ने पहले से ही सर्वे शुरू कर दिया है। तीन ठेकेदारों ने थर्ड लेग का ठेका लेने के लिए टेंडर डाला था। टेंडर डालने के बाद सबने आपस में ही रेट साझा कर लिए। विंध्या सबसे आगे रहा। यही वजह है कि विंध्या कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बिड खुलने के पहले ही सर्वे का काम शुरू कर दिया है। फ्लाईओव्हर का काम 24 महीने में पूरा करना होगा।
वर्ष 2016 में रीवा को पहला फ्लाईओव्हर ब्रिज मिला। 23 करोड़ की लागत सिरमौर चौराहा में फ्लाईओव्हर का निर्माण कार्य पूरा हुआ। इसका श्रीगणेश पीडब्लूडी मंत्री ने किया था। इस फ्लाईओव्हर के बनने के बाद उम्मीद थी कि सिरमौर चौराहा पर वाहनों का दबाव कम होगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। जाम से रीवा के लोगों को मुक्ति नहीं मिली। फ्लाईओव्हर के शुरू होने के बाद अब एक और लेग इससे निकाला जाएगा। तीसरी लेग विवि मार्ग और बोदाबाग के लिए निकाली जाएगी। इसके निर्माण में करीब 33 करोड़ 34 लाख की लागत आएगी। पीडब्लूडी ब्रिज ने स्वीकृति के बाद टेंडर भी आमंत्रित किया था। ठेकेदारों ने टेंडर डाल दिए हैं। अब सिर्फ टेंडर के खुलने का इंतजार है। हालांकि टेंडर खुलने के पहले ही ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया है।
कुछ ऐसा बनेगा तीसरा फ्लाईओव्हर लेग
तीसरी लेग सिरमौर चौराहा से निकलेगी। यह भी पिलर पर खड़ा होगा। सुभाष चौराहा तक समानांतर फ्लाईओव्हर तैयार होगा। इसकी लंबाई करीब 200 मीटर होगी। इसके बाद बोदाबाग में 300 मीटर और यूनिवर्सिटी रोड में 300 मीटर फ्लाईओव्हर उतारा जाएगा। फ्लाईओव्हर की चौड़ाई सुभाष तिराहा तक 12.90 मीटर होगी। वहीं सुभाष तिराहा से निकलने वाले दो लेग की चौड़ाई 8.40-8.40 मीटर ही होगी। सुभाष तिराहा पर जंक्शन बनाया जाएगा। यहां से दोनों तरफ लेग निकाले जाएंगे। बोदाबाग की तरफ फ्लाईओव्हर हाउसिंग बोर्ड तक जाएगा। वहीं अवधेश प्रताप ङ्क्षसह विवि की तरफ खुटेही तक फ्लाईओव्हर जाएगा।
अब तक तीन फ्लाईओव्हर मिल चुके
वर्ष 2016 में रीवा को पहला फ्लाईओव्हर मिला था। तत्कालीन पीडब्लूडी मंत्री सरताज सिंह ने इसका शुभारंभ किया था। यह करीब 23 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ था। इसके बाद समान में भी 45 करोड़ की लागत से फ्लाईओव्हर बनकर तैयार हुआ। रेलवे ओव्हरब्रिज 34 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हो चुका है।
फ्लाईओव्हर बोदाबाग रोड में हाउसिंग बोर्ड तक बनाया जाएगा। इसके बाद जहां फ्लाईओव्हर खत्म होगा वहां से फोरलेन कांक्रीट सड़क बोदाबाग चौराहा तक ले जाई जाएगी। एपीएसयू की तरफ पहले से ही सड़क बनी हुई है। ऐसे में इस तरफ सिर्फ फ्लाईओव्हर ही निकाला जाएगा। बोदाबाग की तरफ फ्लाईओव्हर बनाए जाने से यह क्षेत्र सीधे तौर पर शहर से जुड़ जाएगा। सड़क के किनारे नाला का भी निर्माण किया जाएगा।
कंपनी ने सर्वे शुरू कर दिया है
सिरमौर चौराहा फ्लाईओव्हर से निकलने वाले थर्ड लेग के लिए रीवा से तीन ठेकेदारों ने टेंडर डाला था। इसमें विजय मिश्रा, रामसज्जन शुक्ला और विंध्या कंस्ट्रक्शन कंपनी शामिल हुए। इसमें से विंध्या कंस्ट्रक्शन के सबसे कम दर डाले जाने की बात सामने आई है। यही वजह है कि विंध्या ने सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है।
वर्सन…
टेंडर लग गया है। टेंडर ओपन होते ही काम भी शुरू हो जाएगा। फ्लाईओव्हर बोदाबाग मार्ग में जहां खत्म होगा वहां से नीम चौराहा तक फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। निर्माण दो साल में पूरा करने का समय दिया गया है।
पीएस परिहार
कार्यपालन यंत्री, पीडब्लूडी ब्रिज रीवा
०००००००००००००००००००