
चुनावी वर्ष में कांग्रेस के शहर व ग्रामीण अध्यक्ष बदलकर दूसरे पदाधिकारियों को नियुक्त किए जाने का विरोध शुरू हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम खंपरिया को अध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में इंदिरा गांधी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कटनी अध्यक्ष रमेश सोनी ने अपना इस्तीफा दे दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को भेजे इस्तीफे में रमेश सोनी ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के समय ही अंजान शख्सियत वाले व्यक्ति को कटनी शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। इससे कटनी में कांग्रेस एकदम कमजोर हो जाएगी। पत्र में कहा गया है कि कई कार्यकर्ता नियुक्तियों का विरोध कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र दे रहा हूं। सोनी ने कांग्रेस का सदस्य बना रहने की बात पत्र में कही है।
nn
ग्रामीण अध्यक्ष पहले छोड़ चुके हैं कांग्रेस
nn
कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष पद पर करण सिंह चौहान की नियुक्ति को लेकर भी कार्यकर्ता सवाल खड़े कर रहे हैं। कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि करण सिंह चौहान पूर्व में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे और कई वर्षों बाद वापस कांग्रेस में आ गए। पुराने और कर्मठ पदाधिकारियों को दरकिनार कर आलाकमान ने ग्रामीण अध्यक्ष की कमान करण को सौंप दी।