सतना। नगरीय निकाय चुनावों में प्रदेश की 16 नगर निगमों में महापौर प्रत्याशी को लेकर भाजपा-कांग्रेस दोनो मंथन कर रहे हैं। बता दें कि सभी नगर निगमों में कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कांग्रेस कमेटी द्वारा विचार विमर्श किया जा रहा है। सूत्रों की माने तो प्रदेश स्तर पर महापौर टिकट को लेकर मंथन आज किया जा रहा है। बता दें कि चर्चा यह भी है कि पार्टी सतना में भी चौंका सकती हैं। प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश के 9 नगर निगमों में मेयर प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। जिनके नाम पर सहमति बनी है। सतना में भी यह कयास लगाए जाने लगे है कि, ओबीसी के लिए आरक्षित सतना मेयर की कुर्सी के लिए टिकट विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को मिल सकता है। कांग्रेस उनकी पत्नी प्रीति कुशवाहा को भी टिकट दे सकती है, लेकिन दो बार सतना मेयर की कुर्सी महिलाओं के लिए आरक्षित रह चुकी है इसलिए पार्टी यह दांव सिद्धार्थ पर ही लगा सकती है। सिद्धार्थ को महापौर पद पर लड़वा कर पार्टी 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों के पहले टेम्परेचर भी नापना चाहती है और मेयर चुनाव को सेमी फाइनल मान कर आगे फाइनल की तैयारी भी कर सकती है। हालांकि सिद्धार्थ के नाम विधायक रहते कुछ खास उपलब्धियां नहीं हैं, लेकिन ओबीसी लॉबी से पार्टी उन्हें सशक्त चेहरा मानती है।
०००००००००००००