रीवा। जिले में गत 24 जुलाई से सोमवार सुबह तक 29.8 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई। पिछले दो-तीन दिन से जिले में कुछ इस तरह वर्षा हो रही है। सोमवार की दोपहर भी शहर में आधे घंटे झमाझम बारिश हुई। इसके उपरांत देर शाम तक रिमझिम-रिमझिम बारिश होती रही। यही स्थिति जिले के अन्य आंचलिक क्षेत्रों की भी रही। रायपुर कर्चुलियान, मनगवां, सेमरिया आदि क्षेत्रों में भी सोमवार के दिन पानी गिरा। इस प्रकार जिले में अब तक 210.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है, जो मानसून काल में होने वाली जिले की औसत वर्षा से बहुत कम है। बता दें कि मानसून काल 15 जून से 15 अक्टूबर तक जिले की औसत वर्षा 1044.6 मिलीमीटर है। यानि अभी मानसून काल के औसत वर्षा के आंकड़े तक पहुंचने के लिए जिले को 800 मिलीमीटर से अधिक वर्षा की जरूरत है। गौरतलब है कि इस बार मानसून लगभग समय पर 20 जून को आ गया था। मानसून के आते ही जिले में एक-दो दिन अच्छी वर्षा हुई। फिर उसके बाद लगभग पूरे जिले में वर्षा क्रम ठहरा रहा। अब श्रावण मास के दूसरे सप्ताह से वर्षा की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है। बीते दो-तीन दिन पूरे जिले में एक साथ वर्षा हो रही है, जबकि इसके पूर्व खण्ड वर्षा से किसानों को संतोष करना पड़ रहा था।
गलियों में भरा पानी
गत दिवस शहर में शाम के समय तेज वर्षा होने से गली-मोहल्लों में पानी भर गया। सोमवार की दोपहर भी झमाझम पानी गिरने से नालियों का पानी उफन कर सड़कों पर बहने लगा। दोपहर तक जिले में ऐसे ही क्रमबद्ध बारिश हुई, जिससे शहर से लेकर गांव तक की गलियों में पानी ही पानी नजर आने लगा।
तापमान में गिरावट
सोमवार को भी जिले में घने बादल छाये रहे। बादलों के साथ हल्की हवाएं भी चलती रहीं। पूरे दिन मौसम खुशनुमा बना रहा। वहीं, तापमान में भी कमी देखने को मिली। बताया गया कि सोमवार को दिन का तापमान बीते दिन से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम 32.0 डि.से. दर्ज किया गया। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी गत दिवस की अपेेक्षा 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 24.5 डि.से. पर कायम हुआ।
ALSO READ-रीवा में रुकी बारिश से नाराज लोंगो का आनंद जादूगर पर ‘शोसल वार’, 4 वर्ष पूर्व भी बनी थी यही स्थिति, वापस न आने की बात कह रोते हुए वापस लौटे थे जादूगर!…
रविवार से 25 जुलाई की सुबह तक तहसीलवार दर्ज वर्षा (मिलीमीटर में)
तहसील वर्षा
रीवा हुजूर 45.6
रायपुर कर्चु. 22.0
गुढ़ 26.0
सिरमौर 31.0
त्योंथर 27.0
मऊगंज 25.2
हनुमना 23.0
सेमरिया 35.0
मनगवां 32.0
जवा 31.0
नईगढ़ी 30.0
——–
कुल औसत- 29.8
०००००००००००००००००