सभी ताजा खबरें पढ़ने के लिए कृपया जरूर जुड़े🙏
Join Now
सतना/रीवा. महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव ह्वाइट टाइगर सफारी मुकुंदपुर की पहली सफेद बाघिन विंध्या उम्रदराज होने से अस्वस्थ रहने लगी है। उसके स्वास्थ्य में पहले की तुलना में अधिक गिरावट आई है। इससे चिड़ियाघर के विशेष चिकित्सकों ने निगरानी बढ़ा दी है। उसके स्वास्थ्य का पूरा परीक्षण किया है, जिसमें कई रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद विंध्या को सफारी से निकाल बाड़े में भी शिफ्ट किया जा सकता है।
2016 में विंध्या को भोपाल के वनविहार से लाया गया था। उस समय वह करीब नौ वर्ष की थी। अब वह करीब 15 वर्ष की हो चुकी है, जो बाघों की सामान्य औसत आयु मानी जाती है। जहां पर चिकित्सकों की देखरेख में बाघ रहते हैं तो उनकी आयु औसत से पांच से छह वर्ष अधिक हो सकती है। विंध्या अब पहले की तरह आहार भी नहीं लेती है। इस कारण वह काफी कमजोर दिखाई देती है।
बताया गया कि यदि कुछ देर तक वह बैठी रह जाती है तो खुद से नहीं उठती। उसे उठाने के लिए आवाज लगानी पड़ती है। बीते सप्ताह कई दिनों तक उसने बहुत कम खाना खाया था, जिसके चलते ह्वाइट टाइगर सफारी से उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया था, जहां पर स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस कारण चिकित्सकों ने उसके स्वास्थ्य को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। नियमित जांच की जा रही है।