सतना। नागौद में एक महिला का शव उसके घर मे फांसी के फंदे पर संदिग्ध परिस्थितियों में झूलता पाया गया। पुलिस ने पंचनामा बना कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इस मामले में पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि जानकारी के मुताबिक नागौद में संजय निकुंज के सामने रहने वाले टिंबर व्यवसायी विजय सिंह की पत्नी श्रद्धा सिंह उम्र 40 वर्ष का शव मंगलवार को उसके घर के एक कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता पाया गया। जिस वक्त वह फंदे पर झूली, घर में कोई भी नहीं था। मृतका का पति काम पर चला गया था, जबकि छोटी बेटी ट्यूशन गई हुई थी और बड़ी बेटी एक दिन पहले ही किसी रिश्तेदार के यहां चली गई थी। सूचना मिलने पर नागौद पुलिस और मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने उनकी शिकायत पर फिलहाल आईपीसी की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली हैं और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को जानकारी हुई कि मृतका का अपने पति के साथ हमेशा लड़ाई-झगड़ा होता रहता था। वह अपने पति को बेटियों के साथ मिलकर पीटा भी करती थी। बताया यह भी जाता है कि कुछ दिन पूर्व ही वह झगड़ा कर मायके चली गई थी, जहां से पति उसे मान मनौव्वल कर के उसे ले आया था। पुलिस को यह भी पता चला है कि पिछले दिनों विजय मृतका को लेकर स्कूटी से सतना आ रहा था, तब भी रास्ते में दोनों के बीच काफी विवाद हुआ था। बरेठिया में स्कूटी से उतरकर मृतका ने पति के साथ सरेराह मारपीट शुरू कर दी थी। संजय निकुंज के सामने चार माह पहले ही यह परिवार अपने नए घर मे शिफ्ट हुआ था, इसके पहले परिवार किराए के मकान में रहता था। फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलुओं पर जांच कर रही है।
सभी ताजा खबरें पढ़ने के लिए कृपया जरूर जुड़े🙏
Join Now