रीवा। नगर पालिक निगम के महापौर अजय मिश्रा बाबा द्वारा रविवार को वार्ड क्रमांक 15 में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान उनके द्वारा वार्ड के वरिष्ठ निवासी कवि चंद्रिका प्रसाद चंद्र द्वारा नारियल तुड़वाकर निर्माण कार्य शुरु कराया गया। वार्ड क्रमांक 15 के आचार्य नगर में करीब 8.83 लाख रुपए से आरसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
READ ALSO-Rewa: छुहिया घाटी में फिर बड़ा हादसा, डंफर-बस में सीधी भिड़ंत, यात्री घायल…
महापौर अजय मिश्रा बाबा ने कहा कि उन्हें याद हैं जब वह नगर निगम में पार्षद थे और वार्ड क्रमांक 15 में इस सड़क निर्माण के लिए पत्राचार किया गया था। पूर्व पार्षद अशोक पटेल ने निगम में मांग भी इस सड़क को बनाने के लिए रखी, लेकिन सुनी नहीं गई। टेंडर किए गए, लेकिन काम नहीं शुरु कराया गया। यहां लोगों को बरसात के समय निकलने में परेशानी होती थी, लोग चोटिल हुए। रोते थे लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
लेकिन अब इस सड़क का निर्माण स्थानीय लोगों की मांग पर प्राथमिकता से शुरु किया गया। उन्होंने कहा कि अब रीवा नगर निगम क्षेत्र में चेहरा देखकर विकास कार्य नहीं किए जा रहे हैं, जनता की मांग के अनुसार काम किया जा रहा है। जनता जहां परेशान है उन्हें राहत देने का काम किया जा रहा है। क्योंकि अब न विधायक राजेन्द्र शुक्ला की सिफारिश है, न उनके प्रतिनिधि की और न ही उनके करीबियों की। उन्होंने कहा कि ऐसे निर्माण अब नगर निगम में प्रतिबंधित कर दिये गये हैं। ऐसे निर्माण कराने वालों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है तो जनता नहीं व्यक्ति विशेष की सुविधा देखकर काम करते थे।
READ ALSO-Rewa : एसपी नवनीत भसीन ने जारी की ट्रांसफर लिस्ट, कई हुए इधर से उधर…
उन्होंने कहा कि कई ऐसी सड़कें बनाई गर्इं जिनका लाभ एक व्यक्ति के अलावा दूसरे व्यक्ति को नहीं मिल रहा, क्योंकि उस मार्ग में घर ही एक है। अब जनता का पैसा जनता की सेवा में लग रहा है। यही वजह है कि बौखलाहट साफ दिख रही है। विपक्ष बार-बार भूमिपूजन की बात कर रहा है लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि अब नगर निगम में उस भूमिपूजन का दौर खत्म हो गया है जो नाम के लिए बिना नियम के किए जाते थे, अब भूमिपूजन तब होगा जब ठेकेदार को कार्यादेश देंगे और काम शुरु होगा।
बिना कार्यादेश दिए और भूमिपूजन कर वाहवाही लूटने और बाद में फिर उसी काम को ठंडे बस्ते में डाल देने का कार्य अब नगर निगम में बंद करा दिया गया है। भूमिपूजन के दौरान एमआईसी सदस्य नीतू अशोक पटेल, पूर्व पार्षद अशोक पटेल, सहायक यंत्री दिलीप त्रिपाठी, उपयंत्री श्याम सुंदर मिश्रा, टाइम कीपर केशव पटेल, कांग्रेस नेता अमित चतुर्वेदी, दिलीप गौतम सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।
००००००००