सतना। जिले की रामपुर थाना पुलिस की कस्टडी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस को चकमा दे फरार हो गया था जिसे पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इस आरोपी पर एसपी सतना ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रामपुर थाना पुलिस ने अपनी अभिरक्षा से फरार हो गए दुष्कर्म के आरोपी संदीप कोल निवासी मढ़ा को एक बार फिर पकड़ लिया है। उसे नाबालिग के साथ रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह शुक्रवार की दोपहर पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर हो गया था, एसपी धर्मवीर सिंह ने आरोपी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार की दोपहर रामपुर थाना पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए मेडिकल कराने जिला अस्पताल ले गई थी। अस्पताल के गेट के पास ही वह पुलिस वालों को धक्का देकर भाग गया था। पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया था लेकिन वे उसे पकड़ नही पाए थे। आरोपी के कस्टडी से भागने की घटना पर एसपी ने सख्त नाराजगी जताई थी। दो दिन से रामपुर पुलिस दिन रात आरोपी की तलाश में जुटी थी। जिसके बाद उसे धर दबोचा और जेल में सलाखों के पीछे भेज दिया।