रीवा। शनिवार को स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 का परिणाम केन्द्रीय मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है। नगर पालिक निगम रीवा आयुक्त मृणाल द्वारा स्वच्छता को लेकर किए गए प्रयास रंग लाए हैं, निगमायुक्त मृणाल मीना के कुशल मार्गदर्शन में स्वच्छता के क्षेत्र में हुए कार्यो व सतत मानिटरिंग के चलते रीवा नगर निगम को यह विशेष उपलब्धि मिली है। जिसके चलते रीवा नगर निगम की रैंक इस वर्ष पिछली वर्ष की अपेक्षा काफी आगे है। हालांकि फिलहाल जारी हुए रीवा के स्वच्छता सर्वेक्षण परिणाम में टेक्रीकल त्रुटि है, जिससे अभी यह फाइनल परिणाम नहीं है। बता दें कि वर्तमान में रीवा नगर निगम को 1-3 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 75वां स्थान देश भर में मिला है। यह स्थान रीवा नगर निगम को 4451 स्कोर के आधार पर दिया गया है। इस जारी परिणाम में ओडीएफ प्लसप्लस होने के बावजूद केवल ओडीएफ के 200 नंबर नगर निगम को दिए गए है। जबकि ओडीएफ प्लसप्लस के 600 नंबर जुडऩे है, यानि कि 400 नंबर अभी और शेष जुडऩे है। जिसके बाद रीवा नगर निगम का टोटल स्कोर 4851 हो जाएगा और रीवा नगर निगम की रैकिंग देश के टॉप-50-55 के बीच में आएगी। जो कि पिछले वर्ष की रैकिंग से 40-43 पॉयदान ऊपर होगा। इस त्रुटि को लेकर निगम आयुक्त मृ़णाल मीना द्वारा सर्वे दल के अधिकारियों से बात की गई है, सर्वे दल ने भी भी त्रुटि को मानते हुए इसमें जल्द सुधार की बात कही है। जल्द ही त्रुटि सुधार के साथ परिणाम रीवा नगर निगम का जारी किया जाएगा यह आश्वासन दिया गया है। वहीं इसी प्रकार प्रदेश में रीवा ननि को 25वां स्थान दिया गया है लेकिन सुधार के बाद टॉप-20 में रीवा शहर शामिल हो जाएगा। इसके अलावा स्टार रेटिंग के परिणाम में भी रीवा नगर निगम को वन स्टार दिया गया है, इन नंबरो को जोडऩे के बाद रीवा नगर निगम के स्टार रेटिंग परिणाम में भी सुधार होने की पूरी संभावना है, रीवा नगर निगम को थ्री स्टार दिया जा सकता है। नगर निगम प्रशासन द्वारा रैकिंग में आ रहे असमंजस को दूर कर दिया है। इसके अलावा सतना नगर निगम को प्रदेश के एक लाख से अधिक आबादी वाले शहर में 65 वां स्थान मिला है सतना को कुल 4628 अंक मिले हैं। इसके अलावा सिंगरौली ने फिर संभाग में टॉप किया है। 5456 अंको के साथ 24वें स्थान पर है व थ्री स्टार भी सिंगरौली को मिले हैं।
०००००००००००००००