रीवा। महंत और हिस्ट्रीशीटर पर कार्रवाई के बाद भी मुख्यमंत्री का बुलडोजर रुकने वाला नहीं है। अब पूरा रीवा के अपराधियों का घर तोड़कर ही रुकेगा। कलेक्ट्रेट में अपराधियों की कुंडली तैयार कर ली गई। बलात्कारी, हत्यारे, भूमाफिया और तस्करों के घर तोड़ दिए जाएंगे। शुरुआत सिरमौर से तय है।
दुष्कर्म के आरोप में फंसे महंत से घर जमींदोज करने का अभियान शुरू हो गया है। अब रीवा के सभी हिस्ट्रीशीटरों पर गाज गिरनी तय है। कलेक्ट्रेट में गुरुवार को एसपी और कलेक्टर की मौजूदगी में एक बैठक बुलाई गई थी। बैठक में एसडीओपी, थाना प्रभारी, एसडीएम, तहसीलदारों को बुलाया गया था। बैठक में सभी से हिस्ट्रीशीटर, बलात्कारी, गांजा तस्कर, शराब माफिया, भूमाफियाओं के नाम जुटाए गए। करीब 3 पन्नों से भी अधिक के नाम की लिस्ट तैयार की गई है। इन सभी के घरों को जमींदोज किया जाएगा। यह अभियान शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है।
सिरमौर में दुष्कर्मी का मकान टूटेगा
शासन, प्रशासन के निर्देश के बाद अगली कार्रवाई सिरमौर में तय है। यहां क्योंटी चौराहा पर ही एक दुष्कर्म में फंसे आरोपी का मकान और दुकान बना हुआ है। इसे जमींदोज करने की तैयारी कर ली गई है। शुक्रवार को यहां कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर ली है।
कई नाम छुपा लिए हैं थाना प्रभारी
रीवा में वैसे तो कई हिस्ट्रीशीटर हैं लेकिन थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों का इन अपराधियों से गहरा तालमेल है। लाखों रुपए की कमाई इन्हें के दम पर पुलिस वाले करते हैं। ऐसे में कई नामों को पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारियों ने छुपा लिया है। अब अभियान शुरू हो रहा है। छुपे हुए नाम भी जल्द ही सामने आएंगे। कंगाली में जीने वाले तस्करों ने हवेलियां तान ली है। इनकी जानकारी सभी को है लेकिन कोई इन तक पहुंच नहीं पाया। पुलिस का खुला संरक्षण है। गांव गांव में हवेलियां तस्करों ने तान रखी हैं। यहां तक अब प्रशासन का बुलडोजर पहुंचे तब बात बनेगी।
पुलिस और प्रशासन की बैठक हुई है। एंटी माफिया अभियान चलाया जाएगा। कार्ययोजना बनी है।
मनोज पुष्प
कलेक्टर, रीवा