रीवा। जिला पंचायत वार्ड के सदस्यों के परिणाम की घोषणा के साथ ही शुक्रवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कार्यक्रम संपन्न हो गया। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार मे कलेक्टर मनोज पुष्प व सीईओ जिला पंचायत स्वप्रिल वानखेड़े द्वारा जिला पंचायत रीवा के सभी 32 वार्डों के विजयी उम्मीदवारों को जीत का प्रमाणपत्र दे दिया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, सभी एसडीएम, चुने हुए जिला पंचायत सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि जिला पंचायत के वार्ड प्रत्याशियों के मतों का सारणीकरण 14 जुलाई को विकास खंड मुख्यालयों में किया गया था। 15 जुलाई शुक्रवार को सभी विजेता उम्मीदवारों को जिला पंचायत सदस्य का प्रमाण पत्र दिया गया। प्रमाण पत्र पाते ही विजयी उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र में समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकाला। हालांकि यह चुनाव दलगत नहीं था लेकिन त्रिस्तरीय ग्राम सरकार के सबसे बड़े सदन में कब्जे को लेकर दलों ने जीते हुए प्रत्याशियों के साथ अपना नाम जोडऩा शुरू कर दिया है। शुक्रवार को आए जिला पंचायत चुनाव रिजल्ट के अनुसार कांग्रेस भारी नजर आ रही है। कांगे्रस का 30 प्रतिशत यानी 9 वार्डों में कब्जा है जबकि भाजपा का 15 प्रतिशत यानी 5 वार्डों में जीती है। तीन वार्डों में बसपा व एक वार्ड में माकपा जीती है। 14 वार्ड ऐसे हैं जिसमें सप्ष्ट नहीं कि वह किस दल के हैं। लेकिन भाजपा व कांग्रेस दोनों दल जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं। वार्ड क्रमांक 32 से बूटी कोल भाजपा समर्थित उर्मिला सिंह गोड़ को हरा दिया था लेकिन जीतने के बाद बूटी कोल को भाजपा में शामिल कर लिया गया। इस तरह कई ऐसे सदस्य हैं, जिन्हें दल में जोडऩे की तैयारी चल रही है।
प्रेक्षक ने की सराहना
प्रेक्षक श्री गंगारेकर ने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए रीवा जिला प्रशासन ने बहुत शानदार व्यवस्था की। निष्पक्ष और बाधा रहित चुनाव संपन्न हुए। उम्मीदवारों ने भी निर्वाचन कार्य में पूरा सहयोग दिया। सबके सहयोग से निर्वाचन का कार्य शांतिपूर्वक संपन्न हुआ इसके लिए निर्वाचन आयोग सभी उम्मीदवारों तथा प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देता है। कलेक्टर श्री पुष्प ने कहा कि सबके सहयोग और सजगता से जिले में पंचायत निर्वाचन का कार्य संपन्न हुआ। निर्वाचन कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए सभी उम्मीदवारों और अधिकारियों, कर्मचारियों का ह्मदय से आभार है। नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को बधाई देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जनता ने आप सब पर क्षेत्र के विकास के लिए जो विश्वास व्यक्त किया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करें।
सबसे अधिक मतों से जीतीं गीता, सबसे कम से योगेंद्र सिंह, गेदउआ की ऐतिहासिक जीत
जिला पंचायत चुनाव परिणाम के बाद जो तस्वीर सामने आयी है उसमें जिला पंचायत रीवा के 32 वार्डों में से वार्ड 21 से प्रत्याशी रहीं पूर्व जनपद अध्यक्ष त्योंथर गीता मांझी ने 8904 वोटों के अंतर से चुनाव जीता, वहीं वार्ड 06 के प्रत्याशी योगेंद्र सिंह ने अपने निकतटम प्रतिद्वंद्वी श्रीकृष्ण द्विवेदी लाला बडगइयां से मात्र 242 मतों से जीत दर्ज की है। जिला पंचायत के चुनाव में ऐतिहासिक जीत वार्ड 17 की प्रत्याशी गेंदउआ केवट ने दर्ज करायी है। वह जिले की दूसरी प्रत्याशी हैं जिन्होंने इतने अधिक मतों से जीत दर्ज की है। बताया गया है कि एक तरफ भाजपा समर्थित व पूर्व जिपं उपाध्यक्ष विभा पटेल, जिनका दो दर्जन से अधिक हाई फाई वाहनों से प्रचार किया गया तो वहीं गेदउआ ने अपने पति के साथ साइकिल से जनसंपर्क किया। उन्हें दो पत्ती चुनाव चिन्ह मिला था, तो पत्तों का सहारा लेकर ही लोगों को अपने चुनाव चिन्ह से परिचित कराया। उन्होंने पंपलेट भी कम ही छपवाए थे। लेकिन गीता मांझी के बाद वही कंडीडेट ऐसी हैं जिन्होंने 8621 मतों से जीत दर्ज की है। आज के समय में धनबल व डिजिटल चुनाव में जिस तरह गेदउआ को जनता का समर्थन मिला, वह अनुकरणीय है।
जिला पंचायत के जीते हुए प्रत्याशी
———————-
जनपद वार्ड विजयी प्रत्याशी मतों से जीते पार्टी
जवा 01 नीता कोल 800 भाजपा
02 पूर्णिमा तिवारी 6041 कांग्रेस
03 ईजी.जीना शिवसूरत 1752 निर्दलीय
सिरमौर 04 सुंदरिया आदिवासी 399 कांग्रेस
05 ममता राज कुशवाहा 4154 कांग्रेस
06 योगेंद्र सिंह 242 निर्दलीय
07 पुष्पा राकेश प्रताप सिंह 169
रीवा 08 गुलबसिया वर्मा 262
09 आरती धीरेंद्र पटेल 1382 बसपा
10 निर्मला संजीव द्विवेदी 5176
11 उपमा ललन मिश्रा 7149
रायपुर कर्चु. 12 प्रणव प्रताप सिंह 768 भाजपा
13 बृजेश कोरी 1291
14 मालती पुत्र विनय मिश्रा 4011 कांग्रेस
15 लालमणि त्रिपाठी 2544 माकपा
गंगेव 16 अश्वनी कुमार मिश्रा मुन्ना खैरा 780 कांग्रेस
17 गेदउआ केवट 8621 कांग्रेस
18 नंदनी हर्षवर्धन तिवारी 2912 कांग्रेस
19 कृष्णदत्त शुक्ला केडी 2947
त्योंथर 20 सुमन विकास कोल 4167
21 गीता राजमणि मांझी 8904 कांग्रेस
22 डॉ संगीता सोनल शर्मा 1465 भाजपा
23 बबोल प्रसाद कोल 351
नईगढ़ी 24 रीना दाऊराम प्रजापित 1613
25 प्रमोद कुमार जायसवाल 661 कांग्रेस
मऊगंज 26 आशीष राम लाल पटेल 569 बसपा
27 पद्मेश गौतम 700 कांग्रेस
28 देवेंद्र कुमार शुक्ला 500
हनुमना 29 अनीता सुमन 2514 बसपा
30 पुष्पा मुद्रिका प्रसाद पटेल 3308 भाजपा
31 अनीता बब्बू सिंह 1656
32 बूटी कोल 600 भाजपा
0000000000