रीवा। कांग्रेस के संकल्प पत्र में जनता से जो भी वादा किया गया है वह हर वादे निभायेंगे। उक्त संकल्प रीवा नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर अजय मिश्रा बाबा ने चुनाव जीतने के बाद दैनिक जागरण से साक्षात्कार में कही। बाबा ने कहा कि यह उनकी जीत नहीं बल्कि रीवा नगर के जनता की जीत है। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश…
सवाल- रीवा की जनता के इस निर्णय को किस नजर में देखते है? जीत की कितनी उम्मीद थी?
जवाब- रीवा की जनता ने जो प्यार दिया है उसे लफ्जो में बयां कर पाना मुश्किल है, भारतीय जनता पार्टी की गलत नीतियों से लोग परेशान हो चुके हैं, उन्होंने पहले ही बदलाव की ठान ली थी और वह करके दिखाया।
सवाल- चुनाव के दौरान वचन पत्र जारी किया गया है, जीत के बाद पहली प्राथमिकता कौन सी होगी?
जवाब- कांग्रेस पार्टी ने जो वादा किया है हमेशा निभाया है, हर वादे को पूरा किया जाएगा। जनता पेयजल, सड़क, नाली व बिजली के लिए परेशान है, सबसे पहले घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा, इसके अलावा सड़क-नाली सहित अन्य मूलभूत अवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा। जनता को यह निराशा नहीं होगी कि उनके द्वारा गलत निर्णय लिया गया।
सवाल- प्रदेश में भाजपा की सरकार है, विकास कार्यो व वचनों को पूरा करने में बजट की समस्या होगी, इसके लिए क्या रणनीति है?
जवाब- नगर निगमों के लिए बजट हर वर्ष निर्धारित होता है उस पर प्रदेश सरकार रोक नहीं लगा सकती, उसे लिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम में स्ववित्तीय योजनाओं पर काम होगा, इससे प्राप्त आय से शहर का विकास करेंगे। बजट की कमी नहीं होने देंगे।
सवाल- 23 साल से महापौर की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा था लेकिन इस बार हार का सामना क्यों देखना पड़ा?
जवाब- बिल्कुल 23 वर्षों तक जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया लेकिन उसे भाजपा ने सिर्फ तोड़ा, विकास की बात तो की गई लेकिन जनता की समस्या से ज्यादा योजनाओं के बंदरबांट पर ध्यान दिया गया। भाजपा के महापौर महज रबर स्टांप थे, जिसे जनता भलीभांति समझ गई और भाजपा के अहम् को तोड़ दिया।
सवाल- कांग्रेस में भितरघात की बात होती रही, पार्टी के कुछ लोगो में नाराजगी भी दिखी? इसको लेकर क्या कहेंगे?
जवाब- जिन भाजपाइयों ने यह अफवाह उड़ाई कि कांग्रेस में भितरघात है, वह खुद भितरघाती थे। यह जीत कांग्रेस पार्टी के हर कार्यकर्ता की जीत है, महापौर प्रत्यासी अजय मिश्रा थे लेकिन कांग्रेस के हर कार्यकर्ता ने यह चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें जिताया। अफवाह फैलाने वाले भाजपाईयों का परिणाम सामने है।
सवाल- जीत का श्रेय किसे देंगे, रीवा की जनता के लिए कोई मैसेज?
जवाब- यह मेरी नहीं रीवा की जनता, कांग्रेस पार्टी के हर एक-एक कार्यकर्ता की जीत है, वह बदलाव करना चाहते थे और उन्होंने कर दिखाया। शहर के लोगों से बस यही कहना चाहूंगा जो प्यार उन्होंने मुझे दिया और जो विश्वास मुझ पर दिखाया है उसे मैं कभी टूटने नहीं दूंगा।
०००००००००००००