रीवा। जिले को इस जून महीने में अच्छी वर्षा नहीं मिल सकी। मानसून का आरम्भ फीका रहा। इस वर्ष मानसून 20 जून को प्रवेश कर गया, लेकिन अपेक्षाकृत वर्षा कम हुई। मानसून आने के पहले भी प्री-मानसून वर्षा इस साल जिले में कम हुई, जिसके चलते महीने की औसत वर्षा तक दर्ज वर्षा का आंकड़ा नहीं पहुंच सका। वो तो अभी एक-दो दिन से जिले के आंचलिक क्षेत्रों में पानी गिरने लगा है, जिसके चलते इस मानसून काल में अब तक की वर्षा 84.8 मिलीमीटर तक पहुंच गई है। अन्यथा चार दिन पहले दर्ज वर्षा का आंकड़ा महज 45.0 मिलीमीटर के लगभग था।
गौरतलब है कि मानसून काल के जून माह की औसत वर्षा 105.2 मिलीमीटर है। जबकि 1 जून से 30 जून की सुबह तक जिले में 84.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है, जो जून की औसत वर्षा से 20.4 मिलीमीटर अधिक है। अब जुलाई माह में भी झमाझम बरसात की उम्मीद मौसम विभाग ने जाहिर की है। मौसम विभाग के मुताबिक उड़ीसा कोष्ट व अरब सागर में ऊपरी हवा में चक्रवात बना है। पंजाब-हरियाणा से मप्र होते हुए बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका और उत्तरी महाराष्ट्र से दक्षिणी कर्नाटक तक अपतटीय द्रोणिका बनी है, जिसके चलते फिलहाल एक-दो दिन जिले में अच्छी वर्षा हो सकती है।
गुरुवार सुबह तक हनुमना में गिरा 152.0 मिमी. पानी
जिले के आंचलिक क्षेत्रों में बीते दो दिनों से अच्छी वर्षा हो रही है। विशेषकर सीमाई व तराई क्षेत्रों में झमाझम मूसलाधार बरसात हुई। लिहाजा बीते दिन से लेकर गुरुवार सुबह तक हनुमना तहसील में सर्वाधिक 152.0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इसी तरह मऊगंज में 113.8 मि.मी., जवा में 66.0, त्योंथर में 56.0 तथा नईगढ़ी में 52.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जबकि जिले की शेष 6 तहसीलों में न के बराबर पानी गिरा। हालांकि गुरुवार की सुबह शहर में रूक-रूककर सुबह से दोपहर तक दो-तीन बार पानी गिरा, जिसके चलते शहर के गली-मोहल्लों में पानी भरा नजर आने लगा। कहीं-कहीं छोटी नालियां उफना गईं। इसी तरह गुढ़, रायपुर कर्चुलियान, गोविंदगढ़ व सेमरिया क्षेत्र में भी कुछ बरसात हुई, जहां कई खेतों में पानी भर गया। इस वर्षा ने लोगों को भीषण व उमस भरी गर्मी से भी निजात दिलाई और तापमान में फेरबदल हुआ। बताया गया कि गुरुवार को दिन का तापमान बीते दिन से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 33.2 डि.से. दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान गत दिवस की अपेक्षा 2.1 डि.से. की गिरावट के साथ 23.4 डि.से. पर कायम हुआ। तापमान में अब ऐसे ही कुछ बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है।
गुरुवार को दर्ज हुई 43.6 मि.मी. वर्षा
कार्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में बीते दिन से गुरु वार सुबह तक 43.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। इस सीजन में अब तक जिले की सबसे अधिक वर्षा मऊगंज तहसील में 228.6 मिलीमीटर दर्ज हो चुकी है। ऐसे ही हनुमना तहसील मेें 188.0 और जवा में 124.0 मिलीमीटर अब तक रिकार्ड हुई। जिले की अन्य तहसीलों में 30 जून तक 100 मिलीमीटर से कम पानी गिरा है।
1 जून से 30 जून तक हुई वर्षा
तहसील वर्षा (मिलीमीटर में)
रीवा हुजूर 51.2
रायपुर कर्चु. 22.0
गुढ़ 60.0
सिरमौर 50.6
त्योंथर 75.0
मऊगंज 228.6
हनुमना 188.0
सेमरिया 14.0
मनगवां 39.0
जवा 124.0
नईगढ़ी 80.0
———–
औसत वर्षा 84.8
००००००००००००००००००००००००