रीवा। जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है, बदमाश बेखौफ होकर दिनदहाड़े अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आए दिन चाकूबाजी की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली को संदेह के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है। शनिवार की सुबह अमहिया थाना अंतर्गत जॉन टॉवर के समीप रीवा कलेक्टर के कुक (लांगरी)पति के साथ मॉर्निंग वॉक पर गई उसकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया गया। महिला की पींठ और पेट पर चाकू से हमला किया गया है। घटना के बाद हड़कंप मच गया और महिला को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत ठीक बताई गई है। यहां भर्ती महिला की हालत सामान्य बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस थाना अंतर्गत कलेक्टर बंगले में गंगा प्रसाद कुक का कार्य करता है। रोज की तरह वह अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकला था। जॉन टॉवर के समीप पहुंचते ही अचानक पीछे से आए अज्ञात युवक ने महिला की पींठ पर चाकू से हमला कर दिया। महिला जब आरोपी को देखने के लिए घूमी तो आरोपी द्वारा महिला के पेट में भी चाकू मारा गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गया। स्थानीय लोग जमा हो गए और महिला को उपचार के लिए एसजीएमएच ले जाया गया। फिलहाल घटना को लेकर अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है कि महिला पर चाकू से हमला करने की वजह क्या थी, पुलिस मामला दर्ज कर जांच मे जुटी हुई है।
००००००००००००००