रीवा। हाईकोर्ट ने सीएम राइज स्कूलों में होने वाले प्राचार्यों की नियुक्तियों पर रोक लगा दी है। दायर याचिकाओं की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने आगामी आदेश तक रोक लगाई है। साथ ही मप्र शासन को निर्देश जारी किया है कि सीएम राइज स्कूलों में किसी भी प्राचार्य की नियुक्ति आदेश हाईकोर्ट के निर्देशन में ही की जाए।
ज्ञात हो कि मप्र शासन ने प्रदेशभर में सीएम राइज स्कूलें खोलने का निर्णय लिया है। इसके लिए अलग से सेटअप तैयार किया गया है। शिक्षक से लेकर प्राचार्यों तक की नियुक्ति के लिए परीक्षाएं और इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया के लिए परीक्षा ली गई। वहीं प्राचार्यों के लिए इंटरव्यू आयोजित किया गया। इसमें पहले 10 प्लस टू प्राचार्यों को ही अवसर दिए जाने का बॉयलॉज बनाया गया था। प्राचार्यों का आवेदन भी लिया गया। बाद में नियमों में बदलाव कर उम्र और पात्रता भी बदल दी गई। सीएम राइज स्कूल में प्राचार्य की पदस्थापना के लिए उम्र 57 साल तय कर दी गई। इसके अलावा शिक्षक संवर्ग एक और व्याख्याताओं, उप प्राचार्यों की पदस्थापना की जाने लगी। सीएम राइज में प्राचार्य बनने का इंतजार कर रहे 10 प्लस 2 प्राचार्यों को दरकिनार कर दिया गया। इसी बदलाव के खिलाफ कई प्राचार्यों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। रीवा के अजगरहा प्राचार्य डॉ प्रेमलाल मिश्रा ने भी याचिका दायार की। डब्लूपी 2977 की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने मप्र शासन और कमिश्नर पब्लिक इंस्ट्रक्शन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही कोर्ट ने मामले की सुनवाई पूरी होने तक प्रक्रिया पर स्टे दे दिया है। कोर्ट ने कहा है कि सीएम राइज स्कूलों में प्राचार्यों की नियुक्ति निर्देशन और अंतिम निर्णय के अनुसार ही किया जाए।
सभी याचिकाओं की एक साथ होगी सुनवाई
सीएम राइज में प्राचार्यों की नियुक्ति को लेकर कई याचिकाएं दायर की गईं थी। कोर्ट ने डब्लूपी/3494/2022, डब्लूपी 27344/2021, डब्लूपी/2977/2022 को एक साथ कनेक्ट कर दिया है। हाईकोर्ट में अब तीनों प्रकरणों की सुनवाई एक साथ की जाएगी।मामले की सुनवाई करते हुए स्टे दे दिया गया है।
इन प्राचार्यों ने कोर्ट की ली है शरण
रीवा के प्राचार्य डॉ प्रेमलाल मिश्रा पिता मुकुंदलाल मिश्रा प्राचार्य हायर सेकेण्डरी स्कूल अजगरहा, महेश तिवारी पिता भगवान तिवारी प्राचार्य महसांव, शिव कुमार त्रिपाठी पिता मिठाईलाल त्रिपाठी प्राचार्य सिरमौर, त्रिभुवन प्रसाद शुक्ला प्राचार्य सुवैसा, गायत्री नगर, राजेन्द्र जैन प्राचार्य हर्दी सोनकर रीवा, वीरेन्द्र कुमार शुक्ला प्राचार्य मैदानी ने कोर्ट की शरण ली है।
रीवा में 12 स्कूलों का किया गया है चयन
प्रदेश सहित रीवा में 12 स्कूलों का चयन सीएम राइज के लिए किया गया है। इन स्कूलों में प्राचार्य बनने के लिए 10 प्लस 2 प्राचार्यों ने भी दौड़ लगाई थी। भोपाल से शुरुआती दौर में इन प्राचार्यों का नाम भी लिस्ट में शामिल किया गया था। बाद में नियम ही बदल दिए गए और इन प्राचार्यों को दौड़ से बाहर कर दिया गया।