रीवा। शहर से लेकर गांवों तक अब गर्मी अपना प्रचण्ड रूप दिखाने लगी है। बीते एक महीने से जिले में दिन के समय खासी गर्मी महसूस की जा रही है। अब तो सुबह 8 बजे के बाद से ही गर्म वातावरण लोगों को परेशान करने लगा है। दोपहर के वक्त लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। इधर, अगले 5 दिन जिले में लू चलने की चेतावनी दी गई है। इस बाबत मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।
अर्थात् इस अप्रैल माह में अब और भीषण गर्मी का सामना जिलेवासियों को करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि इस बार फरवरी माह से ही ठंड के दिन काफूर होने लगे थे। वो तो पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जिले में दो-चार दफा हल्की वर्षा की स्थिति बनी, जिसके चलते जैसे-तैसे फरवरी महीने के आखिरी तक ठंड घिसटती रही। वहीं, मार्च के शुरूआती दिनों से ही गर्मी शबाब पर आने को बेकरार रही। अब अप्रैल के प्रारम्भिक दिनों से ही गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने लगी है। इस कारण अब जिले के तापमान में भी इजाफा होने लगा है।
बताया गया कि मंगलवार को दिन का तापमान बीते दिन से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 41.6 डि.से. दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान गत दिवस की अपेक्षा 0.2 डि.से. की बढ़त के 16.2 डि.से. पर कायम हुआ। अब आगामी दिनों में जैसे-जैसे गर्मी बढ़ेगी, वैसे ही जिले का अधिकतम और न्यूनतम तापमान ऊपर की ओर उछाल मारेगा।
००००००००००००००००००